SUNDAY MAGAZINE
बस्तर के दशहरे की तरह यहाँ की होली भी अपनी अनूठी परंपराओं को समेटे हुए है। जगदलपुर संभाग मुख्यालय से दस किलोमीटर दूर स्थित माड़पाल गाँव में आज भी राज-परिवार का ही कोई सदस्य (ग्रामीणों का राजा) होलिका दहन करता है। राजा के दर्शनार्थ आसपास के कई गाँवों के लोग एकत्र होते हैं लेकिन शहर से मात्र सात किलोमीटर दूर बसे कलचा गाँव में होली की रात न तो होलिका दहन होता और न ही रंग-गुलाल खेला जाता। वहाँ रंगपंचमी की पूर्व संध्या पर होलिका दहन होता है और अगले दिन होली खेली जाती है। बस्तर के होलिकोत्सव में 'नाट' आकर्षण का केंद्र होता है।
होली पर मौजूदा दौर में आधुनिकता का रंग चढ़ गया है। रंग, गुलाल, पिचकारी, टोपी यहाँ तक कि होलिका की मूर्तियों में भी खास बदलाव आया है। कहीं होलिका मोबाइल लिए हुए किसी आधुनिका के रूप में पेश की जाती है तो कहीं उसे कम वस्त्रों में फैशन की पराकाष्ठा लाँघ चुकी नारी का रूप दिया जाता है। होली जलाने व मनाने के तौर-तरीके भी तेजी से बदलते जा रहे हैं।
भंग-तरंग तथा पारंपरिक व्यंजन में भी तब्दीली आई है लेकिन आधुनिकता की इस चकाचौंध में भी बस्तर स्थित माड़पाल की होली अपनी प्राचीन और गौरवशाली परंपरा को कायम रखे हुए है। राजतंत्र गुजरे वक्त की कहानी हो गया लेकिन यहाँ आज भी राजा का अति सम्मान है।
होली की रात जगदलपुर राजमहल से राजा या राजवंश का कोई सदस्य पहुँचता है। ग्रामीण उसे अति सम्मान व उत्साह के साथ खुद के बनाए गए काष्ठ रथ पर सवार करके पारंपरिक ढंग से होलिका-दहन स्थल तक ले जाते हैं। मावली मंदिर के समीप ही होली खोदरा में राजा होलिका दहन करता है। इसके बाद नाट का आनंद लिया जाता है। आसपास के दर्जनों गाँवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटते हैं और सुबह ही अपने-अपने गाँव के लिए प्रस्थान करते हैं। यह खास बात है कि ग्रामीण माड़पाल गाँव में होली खेलने के मकसद से नहीं बल्कि राजा को देखने और नाट का आनंद लेने ही आते हैं।
SUNDAY MAGAZINE
काष्ठ का रथ ग्रामीणों द्वारा तैयार किया जाता है। रथ-निर्माण व होलिका दहन में काकड़ापसार के जंगल की लकड़ी का उपयोग किया जाता है। पहले तेंदू की लकड़ी उपयोग में लाई जाती थी। बुजुर्ग बताते हैं कि माड़पाल की होली की आग से शहर में होली जलती थी। रात बारह बजे एक घुड़सवार माड़पाल से आग को एक हाँडी में लेकर जगदलपुर राजमहल जाता था। मावली मंदिर का पुजारी पहले राजमहल के पास होली जलाता था। इसके बाद शहर के अन्य जगहों में होलिका दहन होता था।
कलचा की होली :- जगदलपुर संभागीय मुख्यालय से सात किलोमीटर दूर कलचा गाँव में होलिका दहन रंगपंचमी की पूर्व संध्या पर होता है। होली की रात वहाँ कोई रौनक नहीं रहती। न तो होलिका दहन होता और न ही रंग-गुलाल खेला जाता। वहाँ रंगपंचमी के दिन रंग-गुलाल खेला जाता है।
इसके पीछे की कहानी में भी राजपरिवार जुड़ा है। माड़पाल की होली में राजा के पहुँचने से कलचा में दूसरे दिन होलिका दहन होता था। क्योंकि उस गाँव के भी लोग माड़पाल होली के उत्सव में शामिल हुआ करते थे। अगले दिन कलचा गाँव में होलिका दहन का कार्यक्रम फीका रहता था। इसीलिए बाद में लोगों ने रंगपंचमी की पूर्व संध्या पर होलिका दहन करने का निश्चय किया, तब से यह परंपरा लगातार चलती आ रही है। पंचमी के दिन रंगोत्सव मनाया जाता है।
पंचमी के दिन ही देवस्थानों में जात्रा की शुरुआत की गई। यहाँ के सरपंच गोविंद कश्यप ने बताया- 'माता गुड़ी में पूजा-अर्चना के बाद चारपहिया वाले रथ में देवी का छत्र रखकर पुजारी, गाँव के पटेल और ग्रामीण जुलूस के रूप में मावली गुड़ी पहुँचते हैं। देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के बाद होलिका दहन होता है। पंचमी के दिन जात्रा करके होली खेलने की परंपरा है।'
SUNDAY MAGAZINE
नानगुर में नाट का विशेष आयोजन होता है। यहाँ दर्शकों से ज्यादा उत्साह नाट्य कलाकारों में होता है। वे भी तल्लीनता के साथ नाट प्रस्तुत कर खुद को स्थापित और श्रेष्ठ साबित करते हैं। यहाँ बेहतर प्रस्तुति के लिए जिले सहित उड़ीसा से आए नाट दलों को ग्राम पंचायत की ओर से पुरस्कार दिया जाता है। इन्हें देखने-सुनने के लिए दर्जनों गांव के लोग शाम से ही नानगुर में जुटते हैं। ये दर्शक होली के रंगों से पहले नृत्य नाटकों के रंगों से सराबोर हो जाते हैं। नाट देखने के लिए लोग पैदल, बैलगाड़ी और अन्य वाहनों से आते हैं। छोटे से छोटे गाँव में एक ही रात में चालीस से ज्यादा नाट होते हैं। सुदृढ़ नाट परंपरा को देखते हुए यही कहा जा सकता है कि रेडियो, टीवी और फिल्म अभी सालों इस विधा को नहीं छू पाएँगे।
दंतेवाड़ा स्थित शक्तिपीठ में होलिकोत्सव दस दिन तक मनाया जाता है। लोगों की मान्यता है कि यहाँ होली में अंचल के सभी देवी-देवता शामिल होते हैं। दस दिनों की फागुन मड़ई में प्रतिदिन अलग-अलग रस्म अदा की जाती है। यहाँ मड़ई की शुरुआत डोबरा मैदान में कलश स्थापना से होती है। सशस्त्र सलामी के बाद माई की पालकी निकाली जाती है।
पालकी नारायण मंदिर जाती है और शाम को वापस आती है। मंदिर का पुजारी ताड़ के पत्तों को धोकर ताड़पालनी रस्म अदा करता है। नौवें दिन आँवरा मार रस्म के बाद होलिका दहन होता है। वहाँ ताड़पालना रस्म के पत्तों को जलाया जाता है। इस दौरान भी माईजी की पालकी को सशस्त्र सलामी दी जाती है।
No comments:
Post a Comment